Indore को मिला राष्ट्रीय जल अवार्ड, कलेक्टर ने जनता को दिया क्रेडिट

जल संवर्धन और संरक्षण में इंदौर को नंबर वन का ख़िताब मिला है। दिल्ली से अवार्ड लेकर इंदौर लौटे कलेक्टर आशीष सिंह , निगम कमिश्नर और जिला पंचायत सीईओ का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। अवार्ड की ख़ुशी से गदगद कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर की प्रशासनिक टीम और शहर की जनता को क्रेडिट दिया है।
वाटर प्लस सीटी के बाद अब इंदौर को जल संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय जल अवार्ड मिला है, मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को यह अवार्ड प्रदान किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन भी मौजूद थे। इंदौर स्वच्छता में तो पूरे देश में अव्वल है ही अब जल संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में भी अव्वल हो गया है। अवार्ड लेने के बाद इंदौर लौटे कलेक्टर आशीष सिंह ने इसे इंदौर की जनता,जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के सम्मिलित प्रयासों का नतीजा बताया।
मंत्रालय ने सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ स्कूल या कॉलेज, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ, सर्वश्रेष्ठ संस्थान और सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज को शामिल किया था। इंदौर को इसमें से बेस्ट डिस्ट्रिक्ट कैटेगरी का प्रथम पुरस्कार मिला है।
जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने 5 वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2023 के लिए 09 श्रेणियों में संयुक्त विजेताओं सहित 38 विजेताओं की घोषणा की गई थी, जिसमे इंदौर ने बाजी मारी है ।