Ujjain: एक्टर अर्जुन रामपाल ने किए महाकालेश्वर दर्शन, बोले-यहां की ऊर्जा अद्भुत है

उज्जैन फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल शनिवार सुबह कालों के काल बाबा महाकाल के दरबार में भस्म आरती के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने भस्म आरती में बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन किए और उनकी भक्ति में लीन रहे।
उज्जैन विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार में फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल शनिवार को अपने मित्रों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। सुबह करीब चार बजे मंदिर पहुंचकर वे नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठे और श्रद्धा भाव से आरती में सम्मिलित हुए।
अर्जुन रामपाल ने नंदी हॉल में बैठकर शिव साधना की और चांदी द्वार पर माथा टेककर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। आरती में सम्मिलित होने के बाद उन्होंने देहरी पर पूजन किया, जो पुजारी यश पुजारी द्वारा संपन्न कराया गया। भस्म आरती के दर्शन के बाद अर्जुन रामपाल ने कहा, “भगवान महाकाल के दर्शन मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। इंदौर में एक होली इवेंट के लिए आया था। लेकिन अचानक मेरे मुख से ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप निकलने लगा, तो मैंने तय किया कि महाकाल के दर्शन जरूर करूंगा। बाबा महाकाल के धाम में जो ऊर्जा है, वह अद्भुत है। मैंने कई मंदिरों में दर्शन किए हैं, लेकिन यहां की अनुभूति सबसे अलग और विशेष है।
महाकालेश्वर के दरबार पहुंचे रामपाल मस्तक पर तिलक, ‘जय श्री महाकाल’ नाम के वस्त्र के साथ भक्ति में लीन दिखे। उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक भी किया। इसके बाद रामपाल ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘जय श्री महाकाल’ का जाप भी किया।