एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: अवैध शराब के खिलाफ सख्त सरकार, पुलिस अधिकारियों के साथ CM मोहन यादव का एक्शन प्लान तैयार

मुख्यमंत्री निवास पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2029 तक ड्रग्स माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का जो संकल्प लिया है, उसके प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही आगामी दीपावली पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और विस्फोटक सामग्री से मानव जीवन को होने वाले खतरों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। देवास के पास हाल ही में हुई दुखद घटना को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मध्यप्रदेश में भारत सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी ताकत और दृढ़ता के साथ कार्रवाई की जाए। मुझे इस बात का संतोष है कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मध्यप्रदेश की भूमिका बेहद सफल रही है। हमने निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त किया। इसी सफलता की तर्ज पर ड्रग्स और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई के लिए मजबूत मैकेनिज्म तैयार किया जाए। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को आवश्यक संसाधन और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ पूरे प्रदेश में एक साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे अवैध कारोबार में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

देवास जिले में हमारे जवान के साथ हुई दुखद घटना की जानकारी मिलते ही हमने मंत्री नरेंद्र सिंह पटेल को मौके पर भेजा था। स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा जी को घटना की समीक्षा करने और शोकाकुल परिवार से मुलाकात करने के लिए भेजा गया। मैंने स्वयं भी जवान के पिता से बात की थी।

हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है कि अवैध शराब पकड़ने के दौरान अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले जवान और उनके परिवार को हरसंभव सहायता दी जाए। जवान ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए जिस साहस और समर्पण का परिचय दिया, वह हम सभी के लिए गौरव की बात है। हालांकि, इस दुखद घटना से मुझे अत्यंत पीड़ा हुई है।

ऐसे कठिन समय में परिवार को संबल देने के लिए हमने वीर बलिदानी दिलीप पुरी की धर्मपत्नी को उपनिरीक्षक (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी परिवार को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

हमारा स्पष्ट संदेश है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिस के जवानों के साथ सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है। पुलिस के जवान हमेशा निर्भीकता के साथ चुनौतियों का सामना करते हैं और जरूरत पड़ने पर अपनी जान की बाजी लगाकर भी कर्तव्य के प्रति डटे रहते हैं।

देवास की घटना के संबंध में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई शुरू की है। पांच जिलों में फैले इस अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी जब्त किया है।

इस अवैध शराब कारोबार के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है। जांच में सामने आया है कि वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अप्पू रावत, निवासी आलीराजपुर, और वाहन उपलब्ध कराने वाले किरण सिंह चंदोड, निवासी आलीराजपुर की भी इस मामले में भूमिका रही है। केरल सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जिस जिले से यह अवैध शराब रवाना हुई थी, वहां के सहायक जिला अधिकारी अमर सिंह बघेल को भी तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मैंने डीजी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। हमारा प्रयास है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।

अंत में, मैं प्रदेशवासियों से अपील करना चाहता हूं कि दीपावली के पावन पर्व पर पटाखों का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें। विशेष रूप से अपने बच्चों को खतरनाक पटाखों से दूर रखें। कार्बाइड और इस प्रकार के विस्फोटक पटाखों से मानव जीवन को गंभीर खतरा हो सकता है। इनसे आंखों की रोशनी जाने तक का खतरा रहता है।

इसलिए अपने बच्चों, परिवार और आसपास के लोगों को ऐसे खतरनाक पटाखों से बचाएं। सभी प्रदेशवासी सावधानी बरतें और सुरक्षित एवं आनंदमय दीपावली मनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button