MP: लंदन की संसद में सम्मानित हुए बागेश्वर सरकार, मानवता के कामों को सराहा

बुन्देलखण्ड के गौरव और देश के जाने-माने कथाव्यास बागेश्वर सरकार यानि पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने ब्रिटेन में भारत का मान बढ़ाया है। उन्हें ब्रिटेन की संसद में सांसदों के एक समूह की ओर से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर को यह सम्मान मानवता के लिए किए जा रहे उनके कार्यों, वैश्विक प्रेम, शांति और सामंजस्य के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान के लिए था।
इस गरिमामय कार्यक्रम में यूके की सांसद सीमा मल्होत्रा, हैरो सिटी की मेयर अंजना पटेल, सांसद बॉब ब्लेकमैन, हाउस ऑफ लॉडर्स की सदस्य बारोनेस वर्मा उपस्थित रहीं। इस मौके पर लंदन स्थित हाउस ऑफ कॉमन्स में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा भारत में गरीब बेटियों के लिए किए जा रहे विवाह समारोह, प्रतिदिन हजारों लोगों के लिए की जा रही अन्नपूर्णा सेवा, जरूरतमंद मरीजों के लिए बनाए जा रहे कैंसर अस्पताल जैसे कार्यों की सराहना की गई।
इस अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने कहा कि, इन सब कार्यों की प्रेरणा उन्हें अपने शास्त्रों और भारतीय संस्कृति से मिलती है जिसमें नर को ही नारायण मानकर सेवा का संदेश दिया गया है। उन्होंने इस अवसर पर लंदन में एक लंबा उद्बोधन देते हुए सभी भारतवंशियों और लंदन के लोगों को बागेश्वर धाम आने का न्यौता भी दिया।
इस अवसर पर बागेश्वर महाराज ने यह भी कहा कि, विश्व शांति के लिए भारतीय जीवनशैली और सनातन का मार्ग सर्वश्रेष्ठ रास्ता है। उन्होंने कहा कि, एक सनातनी ही संपूर्ण विश्व को अपना परिवार मानते हुए उसके कल्याण की कामना करता है। हमें ऐसी महान संस्कृति को समझने और अपनाने की जरूरत है।