MP में मंत्रिमंडल विस्तार की आहट, CM मोहन यादव लेंगे मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड

MP में मंत्रिमंडल विस्तार की खबरे जोर पकड़ने लगी है। ये चर्चा इसलिए क्योकि सीएम मोहन यादव मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा करेंगे और विभागों का रिपोर्ट कार्ड लेंगे, जिसके बाद सियासी गलियारों में सवाल है कि, क्या मध्य प्रदेश में शुरू हो गई है मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद? क्या परफॉर्मेंस के आधार पर मंत्रियों की छुट्टी तय है?.
मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें अब तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव 8 से 10 मई के बीच अलग-अलग विभागों की मैराथन बैठकें करने जा रहे हैं। इन बैठकों में मंत्रियों से उनके कामकाज, उपलब्धियां और पिछले दो सालों में किए गए नवाचारों का हिसाब लिया जाएगा।साथ ही आने वाले ढाई साल की कार्ययोजना पर भी फोकस रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, जो मंत्री प्रदर्शन में पीछे रहेंगे, उनकी कुर्सी खतरे में पड़ सकती है।
दरअसल, निगम-मंडलों में नियुक्तियों के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा और तेज हो गई है। प्रदेश मंत्रिमंडल में अभी 4 पद खाली हैं… ऐसे में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक भी मंत्री बनने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। माना जा रहा है कि, प्रदर्शन के आधार पर कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। यानी आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण बदलना तय माना जा रहा है।
तो क्या मध्य प्रदेश में जल्द दिखेगा नया मंत्रिमंडल? क्या परफॉर्मेंस के आधार पर होगी बड़ी सर्जरी? और क्या नए चेहरों को मिलेगा मौका? ऐसे तमाम सवालों को जानने के लिए नजरें टिकी हैं सीएम मोहन यादव की इन अहम बैठकों पर…


