MP: CM मोहन यादव का सादगी भरा अंदाज, गाड़ियों का काफिला छोड़ मेट्रो से किया सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता की अपील का असर अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसका एक अनोखा उदाहरण पेश किया है, जब उन्होंने नई दिल्ली में कारकेड छोड़कर आम लोगों की तरह मेट्रो ट्रेन से सफर किया। सीएम यादव का यह कदम न सिर्फ सादगी का संदेश देता है… बल्कि देशहित में संसाधनों की बचत की दिशा में एक बड़ी पहल भी माना जा रहा है।
नई दिल्ली में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जहां आमतौर पर वीआईपी कल्चर हावी रहता है, वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मेट्रो में सफर करते नजर आए। सीएम यादव ने शिवाजी स्टेडियम से दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो यात्रा की और इस दौरान आम यात्रियों के बीच बैठकर उनसे संवाद भी किया।
इस सफर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की राय जानी…कुछ यात्रियों ने मध्यप्रदेश की खूबसूरती की तारीफ की तो वहीं कई लोगों ने प्रदेश की योजनाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। दरअसल, यह पूरा कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील से जुड़ा है। जिसमें उन्होंने ईंधन की बचत और मितव्ययता अपनाने की बात कही थी।
बता दें कि, सीएम यादव पहले ही अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर चुके हैं। और अब उन्होंने अपने मंत्रियों को भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की सलाह दी है। साफ है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह कदम सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि एक संदेश है… सादगी का, जिम्मेदारी का और देशहित का।



