MP में सहकारी संस्थाओं और बैंकों के चुनाव एक साल टले, मोहन कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

मध्यप्रदेश में मोहन कैबिनेट की बैठक में सहकारिता क्षेत्र को लेकर दो बड़े फैसले लिए गए हैं। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव अब एक साल बाद होंगे। वहीं, प्रदेश के 9 जिला सहकारी बैंकों को करोड़ों रुपए की अंश पूंजी देने का फैसला भी किया गया है।
मध्यप्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव फिलहाल टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार के मुताबिक, नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है, इसी वजह से यह फैसला लिया गया है।
दरअसल, पैक्स समितियों के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं। ऐसे में पहले पैक्स समितियों के चुनाव होंगे और उसके बाद जिला सहकारी बैंकों की चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसी क्रम को देखते हुए दोनों चुनाव एक साल के लिए टालने का निर्णय लिया गया है।
कैबिनेट बैठक में जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक मजबूती देने का फैसला भी हुआ है। पिछले साल 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी पाने वाले छह जिला सहकारी बैंकों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को अब 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंक शामिल हैं। वहीं, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी दी जाएगी।
कुल मिलाकर मोहन कैबिनेट ने एक तरफ सहकारी संस्थाओं के चुनावों को एक साल आगे बढ़ाया है, तो दूसरी तरफ 9 जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक मजबूती देने का फैसला किया है। अब देखना होगा कि इन फैसलों से प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था को कितनी मजबूती मिलती है।



