MP: ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा अपडेट, 7 दिन की रिमांड पर आरोपी पति समर्थ सिंह

मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से पुलिस को 7 दिन की रिमांड मिली है। हालांकि, इस पूरे मामले में भोपाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में जांच अब तेज होती नजर आ रही है। आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। कोर्ट में पेशी से पहले पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए जेपी हॉस्पिटल लेकर पहुंची। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर कई अहम खुलासे कर सकती है।
इस बीच, मामले को लेकर भोपाल पुलिस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई देते हुए कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष है और सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरोपी समर्थ सिंह को 10 दिनों तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? और अब तक आरोपी की मां गिरिबाला से पूछताछ क्यों नहीं हो सकी? इन सवालों पर पुलिस के पास कोई ठोस जवाब नहीं है, जिससे जांच पर संदेह गहराता जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी बताया कि मामले में भोपाल एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस रिमांड के इन 7 दिनों में कई अहम राज खुलने की उम्मीद है, लेकिन सवाल अब भी कायम हैं—क्या जांच निष्पक्ष है? और क्या ट्विशा शर्मा को न्याय मिल पाएगा? भोपाल से इस बड़ी खबर पर हमारी नजर लगातार बनी हुई है.



