एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: नीमच में सौर क्रांति की शुरुआत, CM मोहन यादव ने दी 1,554 करोड़ की औद्योगिक सौगात

मध्य प्रदेश के नीमच जिले से आज उद्योग, रोजगार और सौर ऊर्जा को लेकर बड़ी खबर सामने आई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 38 औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए जिले को 1,554 करोड़ रुपये के निवेश की सौगात दी। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से 3,201 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और नीमच देश का सबसे सस्ती सोलर बिजली देने वाला बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।

नीमच की धरती पर उद्योग और ऊर्जा के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिले में 38 औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास किया और इसे प्रदेश के स्वर्णिम औद्योगिक इतिहास की शुरुआत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच अब केवल कृषि और व्यापार के लिए ही नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में भी पहचाना जाएगा। उनका दावा है कि पूरी दुनिया में सबसे सस्ती सोलर बिजली नीमच से मिलेगी और यहां बिजली की दर करीब 2 रुपये 14 पैसे प्रति यूनिट तक पहुंच चुकी है।

सरकार के मुताबिक, इन 38 परियोजनाओं में करीब 1,554 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जबकि तीन बड़ी सौर इकाइयों को जोड़कर कुल निवेश का आकार लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये तक पहुंचता है। इन परियोजनाओं से 3,201 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।  सबसे बड़ी परियोजनाओं में धनुका बायोटेक की सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई शामिल है, जिसमें लगभग 1,247.71 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और करीब 1,690 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बाबजी इंडस्ट्रियल की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर यूनिट, विश्वेश्वरा डेनिम की अपैरल एवं टेक्सटाइल इकाई और बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी का बायो-सीएनजी प्लांट भी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क  को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जावरा से उज्जैन होते हुए भोपाल तक नया फोर लेन मार्ग तैयार किया जाएगा और अगले वर्ष मंदसौर से भोपाल तक एक और फोर लेन कनेक्टिविटी मिलने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।

यानी नीमच को अब उद्योग, सौर ऊर्जा और सड़क संपर्क—तीनों मोर्चों पर एक साथ आगे बढ़ाने की तैयारी दिखाई दे रही है। नीमच में हुआ यह निवेश सिर्फ औद्योगिक विस्तार नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की सौर ऊर्जा और रोजगार आधारित विकास नीति का बड़ा संदेश भी माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button