MP: CM मोहन यादव ने जीतू पटवारी को फिर घेरा, नीमच से बोला जुबानी हमला

मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर शब्दों के तीर चले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला है। नीमच में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी के पुराने बयान को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से कांग्रेस को चुनाव में जवाब देने की अपील भी की है।
नीमच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर जमकर जुबानी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस लगातार लाड़ली बहना योजना का विरोध करती रही है और उसके नेता महिलाओं का अपमान करने वाले बयान देते रहे हैं।
सीएम ने जीतू पटवारी के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि बहनें दारू पी जाती हैं। इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों, भगवान कृष्ण की तरह अपनी उंगली बचाकर रखना, जिस दिन चुनाव का मौका आए, आप बटन दबाओगे तो कांग्रेस के लोग धड़ाम हो जाएंगे, कांग्रेस आज धीरे-धीरे पूरे देश से गायब होती जा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है



