MP: मोहन-सिंधिया की जोड़ी ने ग्वालियर में लगाई निवेश की झड़ी, 1200 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव

ग्वालियर में अब उद्योग और निवेश का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में बेंगलुरु में ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर निवेशकों से संवाद हुआ। सरकार के मुताबिक इस जोन में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का निवेश पहले ही आ चुका है, जबकि नए निवेश प्रस्तावों से मध्यप्रदेश में रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है। कंपनियों को आकर्षित करने के लिए बेहद रियायती दर पर जमीन देने की पेशकश भी की गई है।
ग्वालियर अब सिर्फ इतिहास और विरासत के लिए नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के तौर पर भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है।ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, यानी ज्र्ड को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेंगलुरु में निवेशकों के साथ संवाद कर ग्वालियर के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की संभावनाएं सामने रखीं।
बेंगलुरु में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्योगपतियों और प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं के साथ ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन पर खास फोकस रहा। सरकार के मुताबिक इस दौरान मध्यप्रदेश को 1200 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों से करीब 20 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार होने का अनुमान बताया गया है।वहीं ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का निवेश पहले ही आ चुका है।
दिल्ली और मुंबई के बाद अब बेंगलुरु में हुए रोड शो के जरिए मध्यप्रदेश सरकार निवेशकों को प्रदेश में कारोबार के लिए आमंत्रित कर रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जोड़ी ग्वालियर को निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। ग्वालियर के लिए ये सिर्फ एक औद्योगिक प्रोजेक्ट नहीं… बल्कि शहर की आर्थिक तस्वीर बदलने की बड़ी कोशिश है।



