MP: राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी सौगात, 183.50 करोड़ के 13 कार्यों का भूमिपूजन

मध्यप्रदेश में आयुर्वेद और आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी है। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 183 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 13 नवीन कार्यों का भूमिपूजन और 12 नवीन आयुष भवनों का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2002-03 की तुलना में आयुष विभाग का बजट 16 गुना बढ़ाया है। साथ ही प्रदेश के टाइगर रिजर्व, फॉरेस्ट और धार्मिक पर्यटन केंद्रों पर वेलनेस सेंटर विकसित करने की बात कही।
आयुर्वेद भारत की हजारों साल पुरानी चिकित्सा परंपरा है अब इसी परंपरा को आधुनिक सुविधाओं और पर्यटन से जोड़ने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।मुख्यमंत्री ने 183 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत वाले 13 नवीन कार्यों का भूमिपूजन किया, वहीं 12 नवीन आयुष भवनों का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आयुष विभाग को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं सामने रखीं। सीएम ने कहा कि वर्ष 2002-03 की तुलना में आयुष विभाग का बजट 16 गुना बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने स्टाइपेंड के मुद्दे पर भी कहा कि उन्होंने संबंधित मंत्री को निर्देश दिए हैं और जल्द ही इस संबंध में अच्छा समाचार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद को मध्यप्रदेश के बढ़ते पर्यटन से जोड़ने का भी विजन सामने रखा। सीएम के मुताबिक प्रदेश के टाइगर रिजर्व, फॉरेस्ट और धार्मिक पर्यटन केंद्रों पर वेलनेस सेंटर विकसित किए जाएंगे।
यानी अब मध्यप्रदेश आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों के साथ आयुर्वेद और वेलनेस की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकार का फोकस पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ आयुर्वेद को भी नई पहचान दिलाने पर है।



