MP: उज्जैन के गरबा पंडालों में CM मोहन यादव, मां दुर्गा की आरती कर लिया आशीर्वाद

मां की भक्ति गरबा की धूम और पंडाल-पंडाल पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव का शक्ति की आराधना में शामिल होना! महाअष्टमी पर धर्मनगरी उज्जैन में नवरात्रि का रंग कुछ ऐसा जमा कि गरबा पंडालों में उत्साह और बढ़ गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सनातन मंच से लेकर शहर के कई गरबा महोत्सवों में पहुंचकर नवरात्रि, महानवमी और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
धर्मनगरी उज्जैन में महाअष्टमी पर भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान शहर के कई गरबा और डांडिया महोत्सवों में शामिल हुए। दशहरा मैदान, नानाखेड़ा स्टेडियम, डालडा फैक्ट्री, सामाजिक न्याय परिसर, इंजीनियरिंग कॉलेज बायपास स्थित सनातन मंच, ऋषि नगर और सिंधी समाज के गरबा कार्यक्रमों में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की आरती की। इसके अलावा रिदम सांस्कृतिक संध्या डांडिया महोत्सव-2026 और संस्था अलख उज्जैनी के मक्सी रोड स्थित आयोजन में भी सहभागिता की। हर पंडाल में मुख्यमंत्री की मौजूदगी से आयोजकों और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया।
गरबा पंडालों में मां शक्ति की आराधना के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि, महानवमी और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि मां शक्ति की उपासना का पावन पर्व है और सभी त्योहार मिल-जुलकर हर्षोल्लास से मनाए जा रहे हैं। नानाखेड़ा स्टेडियम में शिव शक्ति सांस्कृतिक समिति के आयोजन में समिति अध्यक्ष सतीश सिंदल और सचिव एवं क्षेत्रीय पार्षद गोपाल अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। कुल मिलाकर मां की आराधना से लेकर गरबा की ताल तक महाअष्टमी पर उज्जैन में भक्ति और उत्सव का रंग छाया रहा।



