MP: उज्जैन से अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’, विजयादशमी से दिग्विजय सिंह करेंगे शुभारंभ

मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर धर्म और लोकतंत्र के मुद्दे पर हलचल तेज होने वाली है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विजयादशमी पर उज्जैन से अयोध्या तक सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकालने जा रहे हैं. यात्रा से पहले उज्जैन पहुंचे दिग्विजय सिंह ने रथ का पूजन किया, लेकिन रथ पूजन के बीच दिग्विजय सिंह ने ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी बहस को फिर हवा दे दी.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपनी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित इस यात्रा से पहले रविवार को दिग्विजय सिंह उज्जैन के शास्त्री नगर आए। यहां उन्होंने यात्रा में इस्तेमाल होने वाले रथ का निरीक्षण किया, पूजन में हिस्सा लिया और रथ में कुछ बदलाव करने के सुझाव भी दिए।
इस यात्रा की चर्चा सिर्फ रथ पूजन तक सीमित नहीं है। दिग्विजय सिंह ने सनातन धर्म और हिंदुत्व को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दोनों को एक मानने की प्रवृत्ति उचित नहीं है। उन्होंने हिंदुत्व की पहचान को सावरकर से जोड़ते हुए सनातन धर्म और हिंदुत्व के बीच अंतर की बात कही।
दिग्विजय सिंह के मुताबिक, उनकी यात्रा दो प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित रहेगी वोट चोरी’ और चंदा चोरी। वोट चोरी के मुद्दे के जरिए वे मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाएंगे, जबकि चंदा चोरी के मुद्दे के जरिए धार्मिक संस्थाओं और लोगों की आस्था से जुड़े विषय उठाए जाएंगे।
कुल मिलाकर, दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू होने से पहले ही धर्म, हिंदुत्व, राम मंदिर ट्रस्ट और मताधिकार जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा में आ गई है।



