MP: CM मोहन यादव ने रद्द किया विदेश दौरा, विधानसभा के शीतकालीन सत्र को दी प्राथमिकता

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ा फैसला लिया है। मध्य प्रदेश में निवेश लाने के लिए मुख्यमंत्री का प्रस्तावित सिंगापुर और दक्षिण कोरिया दौरा फिलहाल स्थगित हो गया है। दिलचस्प बात ये है कि, विदेश में निवेशकों से मुलाकात के बजाय मुख्यमंत्री ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र को प्राथमिकता दी है। सात से 11 दिसंबर तक होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों को देखते हुए उन्होंने अपना विदेश दौरा टालने का निर्णय लिया है।
मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने की तैयारी थी। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 नवंबर से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाने वाले थे। लेकिन अब मुख्यमंत्री ने अपना यह दौरा स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और स्पष्ट किया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र महत्वपूर्ण है, इसलिए उसकी प्राथमिकता को देखते हुए विदेश यात्रा टालने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित विदेश दौरे का कार्यक्रम काफी अहम था। उन्हें 23 नवंबर की देर रात सिंगापुर के लिए रवाना होना था। यहां करीब डेढ़ दिन रुकने के बाद ढाई दिन दक्षिण कोरिया में निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करनी थी। इस दौरान अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करने के साथ ही मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होनी थी।
लेकिन सात से 11 दिसंबर तक होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में संभावित विधेयकों और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले महत्वपूर्ण विषयों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विदेश यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया है. कुल मिलाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फिलहाल विदेशी निवेश के रोडमैप से पहले विधानसभा के कामकाज को प्राथमिकता दी है।



