MP: सिवनी के होटल में बालिग कपल को धमकाने का मामला, CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन

मध्य प्रदेश में खाकी की वर्दी में अनुशासनहीनता अब भारी पड़ गई है, होटल में ठहरे एक बालिग कपल को धमकाने और उनके बैग में गांजा रखकर फंसाने की बात कहने वाले पुलिस अधिकारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया है। सीएम ने ASP दीपक मिश्रा, SDOP समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया है कि वर्दी की आड़ में कदाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।
मध्य प्रदेश के सिवनी में होटल में ठहरे एक बालिग कपल को धमकाने का मामला अब सरकार के एक्शन तक आ गया है। वायरल वीडियो में ASP दीपक मिश्रा कथित तौर पर कपल के बैग में गांजा रखकर उन्हें फंसाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों को निलंबित करने कि कार्रवाई की है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के आचरण पर सवाल खड़े हुए। मामला बढ़ा तो सरकार ने सख्त रुख अपनाया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ASP दीपक मिश्रा, SDOP समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के इस एक्शन ने साफ कर दिया है कि पुलिस की वर्दी में किसी को मनमानी करने का अधिकार नहीं है। कानून के रखवाले ही अगर कानून की मर्यादा तोड़ेंगे तो फिर कार्रवाई तय है.



