MP: युवा वर्ष 2027 में MPPCS की दो परीक्षाएं, CM मोहन यादव ने निभाया अपना वादा

मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डच्च्ैब् की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से किया अपना वादा पूरा करने का दावा किया है। युवा वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की घोषणा के बाद अब सरकार ने परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला कदम बताया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार पीएससी परीक्षा कराने के फैसले के बाद मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर शुक्रवार को जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रदेश के हजारों युवाओं को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवा वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने का संकल्प लिया था, और अब इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने इसे सिर्फ एक परीक्षा कैलेंडर जारी करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं को अपनी तैयारी बेहतर तरीके से करने का अवसर देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें की, कैलेण्डर में इसमें राज्य सेवा परीक्षा दो बार कराने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित होंगी। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी। वहीं, राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी और राज्य पात्रता परीक्षा 7 मार्च 2027 को प्रस्तावित है।



