MP में Diwali पर युवाओं के लिए खुशखबरी, ऊर्जा विभाग में 4300 पदों पर होगी भर्ती

मध्य प्रदेश के ऊर्जा विभाग में 4,300 पदों की भर्ती की जाएगी, जिसमें लाइनमैन, जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर, और अन्य तकनीकी पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया एक माह में शुरू होगी और तीन माह में परिणाम और नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। देखिए ये खास रिपोर्ट
दिवाली से पहले एमपी के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऊर्जा विभाग में विभिन्न पदों के लिए भर्ती होगी। इस विभाग में 4300 पदों पर भर्ती की जानी है।इसके लिए एक महीनें के अंदर ही विज्ञापन से लेकर तमाम ज़रूरी प्रक्रियाएं होंगी। तीन महीनें के अंदर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
मध्यप्रदेश पश्चिम विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान व अन्य सहयोगी कंपनियों के मानव संसाधन संकाय प्रमुखों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग हुई। इसमें एक महीने के अंदर भर्ती के लिए विज्ञापन सूचनाएं जारी करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अगले तीन महीने में कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया, रिजल्ट, अपाइंटेमेट लेटर, ज्वाइनिंग की प्रक्रिया को भी पूरा करने का फैसला लिया गया है।
ऊर्जा विभाग ने मध्यप्रदेश पश्चिम विद्युत वितरण कंपनी इंदौर को भर्ती के लिए नोडल कंपनी नियुक्त किया है। पश्चिम क्षेत्र और पूर्व क्षेत्र कंपनी द्वारा लगभग 1400-1400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा मध्य क्षेत्र कंपनी 900, ट्रांसमिशन कंपनी 300 और जनरेशन कंपनी 270 पदों पर भर्ती करेगी।