MP: हर शुक्रवार जनता के बीच होगी सरकार, CM मोहन यादव का ‘जन विश्वास अभियान‘

मध्यप्रदेश सरकार अब जनता की समस्याओं का समाधान सीधे गांव और वार्ड स्तर पर करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में जन विश्वास अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत हर शुक्रवार मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, कलेक्टर और अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान करेंगे। यानि सरकार की योजनाओं की जमीनी मॉनिटरिंग और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर सीएम मोहन ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
एमपी में अब जनता की समस्याओं का सरकारी दफ्तरों में नहीं बल्कि जनता के बीच समाधान होगा. इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में जन विश्वास अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इस अभियान के तहत हर शुक्रवार सरकार के मंत्री, विधायक, कलेक्टर और मैदानी अधिकारी गांव और शहरों में सीधे जनता के बीच पहुंचेंगे लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जाएं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का स्वयं आकलन करें। इस अभियान में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान योजना जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी सेवाएं और खाद-बीज वितरण जैसी योजनाओं की सीधी मॉनिटरिंग होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि हर शुक्रवार मंत्रालय, जिला और संभाग स्तर पर कोई बड़ी समीक्षा बैठक नहीं होगी। उस दिन पूरा प्रशासन फील्ड में रहेगा।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि, संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी पर फोकस होगा। अभियान के लिए अतिरिक्त राशि खर्च नहीं होगी। बड़े टेंट नहीं लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की इस नई पहल का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। अब हर शुक्रवार अधिकारी और जनप्रतिनिधि दफ्तरों की बजाय मैदान में नजर आएंगे। इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी, शिकायतों का त्वरित समाधान होगा और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होगा।



