MP: फूल सिंह बरैया के बयान से सियासी बवाल, CM मोहन यादव ने की कड़ी निंदा

महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया पर बड़ा जुबानी हमला बोला है , सीएम मोहन ने राहुल गांधी से मांग की है कि फूल सिंह बरैया को तुरंत सस्पेंड किया जाए।
अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले भांडेर विधानसभा से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। महिलाओं को लेकर दिए गए उनके ताजा बयान ने सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। विधायक का कथित बयान है कि- “रेप करने से तीर्थ यात्रा का फल मिलता है।” इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बयान सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने विधायक के बयान की कड़ी निंदा की है। इस बयान से सामाजिक विद्वेष पैदा होता है। राहुल गांधी आज मध्यप्रदेश दौरे पर हैं, उन्हें फूल सिंह बरैया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्हें पार्टी से बाहर करें या सस्पेंड करके यह बताएं कि समाज के सभी वर्गों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं।
अब इस बयान के बाद कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि पार्टी विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है। फिलहाल यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस पार्टी इस विवाद पर क्या कदम उठाती है और विधायक फूल सिंह बरैया पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई होती है या नहीं।



