Ratlam में महापौर का दिखा एंग्री मैन अवतार, कलेक्टर पर कर दी विवादित टिप्पणी

रतलाम में महापौर प्रहलाद पटेल सिविक सेंटर मामले में उठाए गए सवाल पर भड़क गए। गुस्साए महापौर ने तात्कालिक कलेक्टर भास्कर लक्षकार पर विवादित टिप्पणी कर दी। मामला सिविक सेंटर फर्जी रजिस्ट्री को लेकर है। जहां कम दाम में प्लाटों की रजिस्ट्री करा दी गई थी।
अपने बयानों के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल का का एक विवादित बयान सामने आया है। निगम सम्मेलन के दौरान नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए गए सिविक सेंटर के मामले पर महापौर प्रहलाद पटेल भड़क गए। प्रहलाद पटेल ने तात्कालिक कलेक्टर भास्कर लक्षकार के लिए कहा कि ‘कलेक्टर की मां ने उसे दूध पिलाया हो तो विधिवत मुझे लेटर भेज दे।
दरअसल, पूरा मामला सिविक सेंटर रजिस्ट्री कांड को लेकर है। जिसमें निगम के अधिकारियों ने सिविक सेंटर स्थित करीब 12 से अधिक प्लॉट की रजिस्ट्री नियमों के विरुद्ध करवा दी थी। जिसमें तत्कालीन कलेक्टर भास्कर लाक्षकार ने मध्य प्रदेश शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। रतलाम नगर निगम के साधारण सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा द्वारा सिविक सेंटर प्लाट रजिस्ट्री मामले पर सवाल उठाए गए थे। जिस पर महापौर प्रहलाद पटेल नाराज हो गए। नेता प्रतिपक्ष ने महापौर को तत्कालीन कलेक्टर द्वारा लिखा गया पत्र दिखा दिया।
सिविक सेंटर फर्जी रजिस्ट्री मामला निगम के पिछले सम्मेलन में भाजपा पार्षदों द्वारा उठाया गया था। जिसमें निगम के अधिकारियों द्वारा भू माफियाओं से साठगांठ कर सिविक सेंटर के प्लॉट को कम दामों पर रजिस्ट्री करवा कर रातों-रात नामांतरण करवा दिया गया। फर्जी रजिस्ट्री मामले में नाम आने पर तत्कालीन आयुक्त एपीएस गहरवार को निलंबित कर दिया गया था।