Ujjain को CM डॉ. मोहन यादव ने दी सौगात, नव निर्मित”सम्राट अशोक सेतु” का लोकार्पण

उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री महाकाल महालोक परिसर में 22.5 करोड़ रुपए की लागत से नव निर्मित”सम्राट अशोक सेतु” का लोकार्पण किया है। लोकार्पण पर आकर्षक आतिशबाजी की गई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्री महाकाल महालोक परिसर में रूद्रसागर पर नवनिर्मित सेतु का नामकरण इतिहास में सनातन संस्कृति और उज्जयिनी का परचम विश्व में लहराने वाले महान सम्राट अशोक के नाम पर “सम्राट अशोक सेतु” किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि, भगवान श्री महाकाल के संरक्षण में होने से अवंतिका नगरी का कभी अंत नहीं हुआ। यहां तपस्या से सीधे मोक्ष प्राप्त होता है। अवंतिका नगरी ने अनादिकाल से भारतवर्ष और सनातन संस्कृति के ध्वजवाहको राजा विक्रमादित्य,राजा भरथरी, राजा अशोक आदि महान सम्राटों को संरक्षण दिया है।
उन्होंने कहा कि, लोकार्पण अवसर पर आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं सहित सभी का मन मोह लिया। आतिशबाजी में भगवान श्री महाकाल का स्वर्ण शिखर महाकवि कालिदास के काव्यों अनुसार चमक रहा है। नवीन औद्योगिकरण के पश्चात संपूर्ण उज्जैन और प्रदेश भविष्य में इसी प्रकार प्रकाशमान होगा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रों से पूजन कर की गई। कार्यक्रम में भस्म रमैया भक्त मंडल के डमरूवादकों ने प्रस्तुति देकर भक्तों का मन मोह लिया। लोकार्पण पश्चात मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भगवान श्री महाकाल के दर्शन किए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा,महापौर मुकेश टटवाल,नगर निगम सभापति कलावती यादव, महाराज विनीत गिरी उपस्थित रहे।