Indore: हनी सिंह के लाइव कंसर्ट से 2 दिन पहले फंसा पेच, भरना पड़ेगा TAX तभी होगा लाइव कंसर्ट

इंदौर में 8 मार्च को मशहूर पंजाबी सिंगर यो यो हनी सिंह का लाइव कंसर्ट होने जा रहा है. लाइव कंसर्ट की पूरी तैयारियां आयोजकों ने कर ली हैं। लेकिन कंसर्ट से दो दिन पहले इंदौर नगर निगम ने इस कार्यक्रम के मनोरंजन कर की वसूली की ठान ली है। MIC मेंबर ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को पत्र लिख कहा कि बिना मनोरंजन टैक्स लिए आयोजन की मंजूरी नहीं देंगे।
यो-यो हनी सिंह का कॉन्सर्ट दो दिन बाद इंदौर में होगा या नहीं ? इस पर संशय के बादल छाने लगे हैं। जहां एमआइसी सदस्य ने महापौर और निगमायुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि बिना टैक्स वसूली के आयोजन हुआ तो निगम और अफसरों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे, वहीं लोकायुक्त में भी शिकायत करेंगे। दूसरी ओर, महापौर ने भी पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति से पहले निगम की एनओसी देखने को कहा है।
दरअसल, शहर में हुए दिलजीत दोसांझ के शो का मनोरंजन कर नहीं मिलने का मामला अभी सुलझा नहीं।
दिलजीत दोसांझ के शो का मनोरंजन कर नगर निगम को अभी नहीं मिला है। जिसके बाद अब हनी सिंह के शो को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान ने महापौर को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि जब तक आयोजक मनोरंजन कर जमा नहीं करते, तब तक शो की अनुमति न दी जाए। चौहान ने पत्र में उल्लेख किया कि, दिलजीत दोसांझ के शो से भी निगम को मनोरंजन कर नहीं मिला, जिससे नगर निगम को राजस्व का नुकसान हुआ।
चौहान ने यह भी कहा कि अगर मनोरंजन कर जमा किए बिना कार्यक्रम की अनुमति दी गई, तो वे एमआईसी मीटिंग में निंदा प्रस्ताव लाएंगे और लोकायुक्त में शिकायत भी दर्ज कराएंगे।