MP: सत्तन गुरु के नाम CM मोहन यादव का पैगाम, सम्मान मिलने पर जताई ख़ुशी

राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन को देवी अहिल्या नगर गौरव सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने ख़ुशी जताते हुए दिल की बात कही है, सीएम मोहन ने कहा सत्तन गुरु ने संघर्षों के साथ राष्ट्र में अपनी पहचान बनाई है। वे आकर्षक व्यक्तिव के धनी हैं।
इंदौर में देवी अहिल्या की 300वीं जयंती गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। बुधवार से शहर में आयोजनों की शुरुआत हुई। इस मौके पर कवि व पूर्व विधायक सत्यनारायण सत्तन को देवी अहिल्या नगर गौरव सम्मान दिया गया। यह आयोजन लोकमाता देवी अहिल्या जयंती समारोह समिति ने किया था।
सीएम डॉ.मोहन यादव ने सत्यनारायण सत्तन को सम्मान मिलने पर बधाई सन्देश जारी करते हुए कहा सत्तन जी ने मां सरस्वती की सेवा की है। उनकी काव्य यात्रा में लोग डूब जाते हैं। वे आकर्षक व्यक्तिव के धनी हैं। सत्तन ने राजनीति में संघर्ष के साथ अपनी पहचान बनाई। वे उत्कृष्ट विधायक रहे हैं। उन्होंने देवी अहिल्या गौरव उत्सव सम्मान देने पर सत्तन को बधाई दी।
इस मौके पर सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि मेरे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। मैंने हमेशा राजनीति को जनसेवा का माध्यम ही समझा, कहीं काॅलोनी नहीं काटी, किसी के ट्रांसफर के पैसे नहीं मांगे। किसी प्लाॅट पर कब्जा नहीं जमाया। कविताएं मंचों पर पढ़कर और बच्चों को पढ़ाकर परिवार चलाया। इन विकृतियों से दूर रहा तो मैं प्रचलन में नहीं आया। प्रचलन में वही आता है जो चलन के अनुरूप हो।
आयोजन में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, विधायक मालिनी गौड़, विधायक उषा ठाकुर, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमिता महाजन, संस्कृतिक र्मी जयंत भिसे, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता उपस्थित थे।