MP: बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड का पर्दाफाश, चौथा आरोपी बीना से गिरफ्तार

इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी की बीते दिनों मेघायल में हनीमून ट्रिप के दौरान निर्मम हत्या का खुलासा हुआ था। सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा व उसके साथियों की धरपकड़ में पुलिस जुटी है। इसमें एक प्रमुख आरोपी आनंद कुर्मी उम्र 20 साल को सागर जिले की बीना तहसील के बसाहरी गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह पड़ोसी गांव मिर्जापुर भानगढ़ का रहने वाला है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा व उसके साथियों ने मिलकर मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या की थी। उसमें मुख्य रूप से सागर जिले की बीना- भानगढ़ तहसील के मिर्जापुर गांव का रहने वाला आनंद कुर्मी पिता दौलतराम कुर्मी उम्र 20 साल भी शामिल था। आनंद करीब दो साल से इंदौर में लेबर का काम करता है। वहीं वह राज कुशवाहा सहित अन्य आरोपियों के संपर्क में आया था। आनंद कुर्मी की राजा हत्याकांड में संलिप्तता के खुलासे के बाद मेघायल और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम सोमवार सुबह बीना के बसाहरी गांव पहुंची थी। यहां आनंद के चाचा के घर से उसे गिरफ्तार किया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार आरोपी आनंद कुर्मी इंदौर से बीते रोज ही अपने चाचा भगवानदास कुर्मी के घर बसाहरी गांव पहुंचा था। जानकारी अनुसार मेघालय पुलिस को इस मामले में सूचना मिली थी, जिसके बाद मेघालय पुलिस और बीना एसडीओपी के नेतृत्व आगासौद, खिमलासा व बीना थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से एक्शन लेते हुए आनंद को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस मामले में स्पष्ट रूप से कोई जानकारी नहीं दी है।