MP: उज्जैन में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा, CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला

उज्जैन की सड़कों पर बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा निकाली, तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि, एक गरीब चाय वाला प्रधानमंत्री बनकर सरकार चलाए तो कांग्रेस का दिमाग खराब हो जाता है।
उज्जैन में मंगलवार को बीजेपी ने सियासी ताकत दिखाते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। बीजेपी नगर जिला और ग्रामीण इकाई के संयुक्त आयोजन में निकली इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए। शहीद पार्क से शुरू हुई पदयात्रा सांदीपनि चैराहे पर जाकर समाप्त हुई।
पदयात्रा से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया. सीएम ने कहा कि, एक गरीब चाय वाला प्रधानमंत्री बनकर देश की सरकार चलाए, तो कांग्रेस का दिमाग खराब हो जाता है। सीएम ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि चुनाव कराने की जिम्मेदारी स्वाभाविक रूप से चुनाव आयोग की ही है। आयोग के बिना चुनाव कराना कैसे संभव है?
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री की चाय वाले की पृष्ठभूमि से लेकर चुनाव आयोग और मतदाता सूची तक कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।



