MP: BJP कार्यालय में मंत्रियों का जनता से सीधा संवाद, मंत्री तुलसी सिलावट ने सुनी जन समस्याएं

कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने बीजेपी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना , इस दौरान मंत्री सिलावट के सामने तालाब निर्माण, नहर निर्माण, स्कूल खोलने और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें मंत्री के सामने रखीं।
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने संगठन और सरकार के बीच संवाद को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल शुरू की है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में अब अलग–अलग दिनों में प्रदेश के मंत्री दो घंटे का समय देकर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। इसी क्रम में आज जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और मांगें सुनीं।
कार्यालय में स्वास्थ्य, आयुष, जल संसाधन सहित कई विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। लोगों ने तालाब निर्माण, नहर निर्माण, स्कूल खोलने और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें मंत्री के सामने रखीं। जन समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि यह पहल प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंशा और मुख्यमंत्री के संकल्प का हिस्सा है, ताकि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों की यह नियमित उपस्थिति सरकार को सीधे जनता से जोड़ने का माध्यम बन रही है। इस पहल से न सिर्फ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।



