Indore: इंदौर में वीर अलीजा सरकार की प्रभात फेरी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खींचा रथ!

इंदौर में आस्था, भक्ति और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिला , जहां श्री वीर अलीजा सरकार की भव्य प्रभात फेरी पूरे शाही ठाठ के साथ निकली है। हनुमान जयंती से ठीक एक दिन पहले निकली इस प्रभात फेरी में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयघोष से गूंज उठा। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और आकाश विजयवर्गीय ने अलीजा सरकार का रथ खिंचा।
इंदौर की सड़कों पर उस वक्त भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा जब श्री वीर अलीजा सरकार की प्रभात फेरी नगर भ्रमण पर निकली। रथ पर सवार होकर वीर अलीजा सरकार हनुमान महाराज ने भक्तों को दर्शन दिए। शाही अंदाज में निकली इस यात्रा ने हर किसी का मन मोह लिया। इस दौरान मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और उनके बेटे विधायक आकाश विजयवर्गीय खुद रथ खींचते नजर आए और दोनों ही हनुमान भक्ति में लीन दिखाई दिए।
वहीं विधायक रमेश मेंदोला ने भी प्रभात फेरी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, यात्रा में आकर्षक झांकियां खास आकर्षण का केंद्र रहीं। साथ ही शहरभर में सैकड़ों मंचों से अलीजा सरकार का भव्य स्वागत किया गया. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उनकी इच्छा है कि युवा पीढ़ी सनातन धर्म से जुड़े और यही कारण है कि लोग इस प्रभात फेरी का सालभर इंतजार करते हैं।
प्रभातफेरी वीर बगीची से शुरू होकर गोराकुंड, नालिया बाखल और लोहार पट्टी होते हुए पुनः मंदिर आई। इस अवसर पर “अलीजा सरकार” की फूलों से की गई सजावट भी आकर्षण का केंद्र रही। गादीपति ब्रह्मचारी पवनानंद महाराज ने बताया कि, प्रभात फेरी के माध्यम से धर्म के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कुल मिलाकर वीर अलीजा सरकार की प्रभात फेरी न सिर्फ आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने का भी माध्यम साबित हुई। हनुमान जयंती के मौके पर इस तरह की भव्य आयोजन ने एक बार फिर शहर की धार्मिक पहचान को और मजबूत किया है।



