Indore: कौन बनेगा IDA अध्यक्ष, किसे मिलेगी कुर्सी?, BJP की चौकड़ी चौंकाएगी!

इंदौर में आईडीए यानि इंदौर विकास प्राधिकरण के लिए अध्यक्ष के नाम का ऐलान अब जल्द होना है, जहां नियुक्ती की उल्टी गिनती अब शुरू हो गई है. अध्यक्ष के लिए इंदौर से भोपाल और भोपाल से दिल्ली तक जिन चार नामों की चर्चा है, वो सियासत में लंबा अनुभव रखने के साथ-साथ इंदौर के विकास में चार चांद लगाने का दम रखते हैं. तो चलिए हम आपको बताते हैं, आखिर कौन हैं बीजेपी के वो चार चेहरे जो जल्द आईडीए अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज हो सकते हैं.
इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनने के लिए फिलहाल जिन नामों पर मंथन हो रहा है, उनमें सबसे पहला नाम हरिनारायण यादव का है, यादव आईडीए में उपाध्यक्ष जैसे पद पर रहकर काम कर चुके हैं, साथ ही वे कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेहद नजदिकी माने जाते हैं. वहीं दूसरा नाम पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता का है, जो केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के खासम खास होने के साथ-साथ इंदौर के अनुभवी नेताओं में से एक हैं. साथ ही गुप्ता को नियुक्ति में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का साथ मिलने की पूरी संभावना है.
आईडीए अध्यक्ष के लिए चल रहे नामों में एक नाम बीजेपी संगठन के सक्रिय नेता मुकेश राजावत का है, जो संगठन में अलग-अलग दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं. राजावत लंबे वक्त से सियासी वनवास पर हैं, जहां अब राजावत को वनवास खत्म होने की पूरी उम्मीद है. वहीं अध्यक्ष पद की दौड़ में एक बेहद चौंकाने वाला नाम कमलेश शर्मा का है, शर्मा विधानसभा दो के एक्टिव नेताओं में से एक हैं. साथ ही शर्मा को संघ का समर्थन मिलने के साथ-साथ विधायक रमेश मेंदोला और विधायक गोलू शुक्ला का साथ मिलने की पूरी संभावना है.
बहरहाल, बीजेपी की इस चौंकड़ी में से कौन सा नाम अध्यक्ष पद के लिए चौंकाता है. ये आने वाला वक्त बताएगा.



