MP: NEET 2026 परीक्षा, MP में कड़े सुरक्षा इंतजाम, CM मोहन यादव कर रहे मॉनिटरिंग

मध्य प्रदेश में NEET परीक्षा को लेकर इस बार सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पेपर लीक कांड के बाद अब कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और साफ निर्देश दे दिए गए हैं कि अगर किसी छात्र को सेंटर तक पहुंचने में दिक्कत हो तो अधिकारी अपनी गाड़ी से उन्हें पहुंचाएंगे।
पेपर लीक विवाद के बाद NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर मध्य प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के 30 जिलों में 283 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के साथ ही योग दिवस और राष्ट्रपति का दौरा भी है ऐसे में प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योग दिवस और राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे के चलते कहीं भी ट्रैफिक या आवागमन में बाधा न आए। जरूरत पड़ने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी खुद छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे। सीएम मोहन यादव ने कहा एग्जाम सेंटर पर पीने के पानी के साथ सभी व्यवस्था की जाए , 19 जून तक सभी केंद्रों पर बायोमैट्रिक, CCTV और जैमर लगाए जाएंगे !
वहीं प्रश्नपत्र एयरफोर्स के जरिए प्रदेश के 5 एयरपोर्ट तक पहुंचाए जा चुके हैं, बालाघाट में हेलिकॉप्टर से पेपर पहुंचाया जा रहा है, सभी प्रश्नपत्र सुरक्षित रूप से बैंकों में रखे गए हैं, यानी साफ है… इस बार NEET परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है, सरकार हर स्तर पर अलर्ट है।



