UP: योगी कैबिनेट बैठक के बड़े फैसले, जलालाबाद का नाम बदला

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बार फिर ऐसे फैसले लिए हैं, जिनकी गूंज सिर्फ प्रशासनिक गलियारों तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि सियासत में भी नई बहस छेड़ सकती है। एक तरफ शाहजहांपुर की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव पर मुहर लगी है, तो दूसरी तरफ स्वास्थ्य और श्रमिक कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले भी लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में 29 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सबसे ज्यादा चर्चा जिस फैसले की हो रही है, वह है शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर परशुरामपुरी किए जाने का निर्णय। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि, यह स्थान भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। शासन ने 25 जून 2025 को नाम परिवर्तन का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। भारत सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी एनओसी मिलने के बाद अब राज्य मंत्रिमंडल ने इस पर अंतिम मुहर लगा दी है। इसके साथ ही नाम बदलने की औपचारिक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू होगी।
कैबिनेट बैठक में गोरखपुर और मुरादाबाद में श्रमिकों के लिए 100-100 बेड के नए अस्पताल बनाए जाएंगे। इसके अलावा वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए निःशुल्क भूमि आवंटन को मंजूरी दी गई है। इस मेडिकल कॉलेज की 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी, जिससे संगठित क्षेत्र के श्रमिक परिवारों को चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
कुल मिलाकर योगी कैबिनेट के इन फैसलों ने साफ संकेत दिया है कि, सरकार सांस्कृतिक पहचान, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा तीनों मोर्चों पर अपनी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ा रही है।



