Premanand Maharaj: कैसे हुई प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत?, रसिक दुलारी की चौथी मंजिल से गिरकर मौत!

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी के रूप में हुई है। घटना गुरु कृपा कुंज आश्रम की बताई जा रही है, जहां शिष्य के चैथी मंजिल से गिरने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन के गुरु कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े एक युवा शिष्य के चैथी मंजिल से गिरने की सूचना सामने आई। गंभीर रूप से घायल दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण को आश्रम से जुड़े लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे।
घटना के बाद मथुरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को भी सूचना दी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही साफ होगी।
इस घटना ने कई सवाल भी खड़े किए हैं। मीडिया रिपोर्टों में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के अलावा अन्य चोटों का भी जिक्र है। इन चोटों की परिस्थितियां क्या हैं और वे गिरने से पहले लगीं या बाद में इसका निर्धारण जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों से होना है।



