MP: लाड़ली बहनों को भाई दूज पर सरकार की सौगात, CM मोहन यादव ने ट्रांसफर की 42वीं क़िस्त

शिवपुरी के पिछोर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त ट्रांसफर की। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। सिंधिया ने इसे बहनों के लिए भाई दूज का तोहफा बताया, लेकिन अपने संबोधन में बात सिर्फ बहनों के सम्मान तक सीमित नहीं रही। महाराज ने 2020 में कमलनाथ सरकार गिराने का जिक्र छेड़ा और कांग्रेस पर जमकर सियासी हमला बोला।
शिवपुरी जिले के पिछोर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि भाई दूज पर बहनों के लिए यह खास तोहफा लेकर मुख्यमंत्री आए हैं। लेकिन सिंधिया के भाषण में भाई दूज की शुभकामनाओं के साथ कांग्रेस पर सियासी वार भी देखने को मिला। उन्होंने साल 2020 में कमलनाथ सरकार के सत्ता से बाहर होने का जिक्र किया। सिंधिया ने कहा कि, उस समय हमने कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को धूल चटाने का काम किया था। इसी राजनीतिक बदलाव से लाड़ली बहनों के खाते में हर महीने 1500 रुपये आ रहे हैं।
सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार कहती थी कि तिजोरी खाली है , जबकि बीजेपी कहती है तिजोरी जनता की है, पहले केंद्र से आने वाले पैसे में बिचैलिए जनता का हिस्सा हड़प लेते थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री मोहन यादव बटन दबाते हैं और पैसा सीधे हितग्राहियों के खाते में आ जाता है।
कुल मिलाकर एक तरफ लाड़ली बहनों के खातों में 42वीं किस्त, तो दूसरी तरफ मंच से 2020 की सियासत का जिक्र३ पिछोर का कार्यक्रम सरकारी योजना के साथ राजनीतिक संदेश का मंच भी बन गया।



