MP: सोयाबीन किसानों के लिए खुशखबरी, CM मोहन यादव का ऐलान, फिर शुरू होगी भावांतर भुगतान योजना,

मध्य प्रदेश के सोयाबीन किसानों के लिए खुश खबरी है। सरकार ने भावांतर भुगतान योजना फिर शुरू करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया कि सरकार ने किसानों से भावांतर देने का वादा किया था और अब उस प्रतिबद्धता को पूरा किया जा रहा है। योजना के रजिस्ट्रेशन की तारीख भी तय हो गई है।
मध्य प्रदेश में सोयाबीन किसानों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बाजार में सोयाबीन का भाव तय कीमत से कम मिलने पर किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए भावांतर भुगतान योजना फिर से शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा , हमने कहा था कि भावांतर देंगे और ये हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। यानी बाजार भाव और तय कीमत के बीच जो अंतर रहेगा, उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सरकार किसानों को भावांतर के रूप में देगी।
सरकार के मुताबिक योजना का उद्देश्य किसानों को बाजार में कम भाव मिलने से होने वाले नुकसान से बचाना है। लेकिन योजना का फायदा लेने के लिए किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। सोयाबीन की सरकारी खरीद के लिए किसानों का पंजीयन 3 अक्टूबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान को अपनी उपज बेचने से पहले तय प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन कराना होगा। सरकार ने प्रदेश के सभी सोयाबीन किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करा लें, ताकि योजना का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।



