MP: बागेश्वर धाम से बागेश्वर बाबा की बड़ी अपील, बोले- माताएं-बहनें अकेले न आएं!

बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भक्तों को सतर्क किया है। माताओं और बहनों को अलर्ट करते हुए बागेश्वर बाबा ने कहा कि अकेले बागेश्वर धाम न आएं। अगर किसी वजह से अकेले आना पड़े, तो किसी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर आंख बंद करके भरोसा न करें। मंदिर और दरबार के अलावा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कहीं न जाएं। आखिर क्यों धीरेंद्र शास्त्री को भक्तों से ये अपील करनी पड़ी.
छतरपुर के गढ़ा स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अहम संदेश सामने आया है। पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से श्रद्धालुओं को सावधान करते हुए खासकर माताओं और बहनों से अपील की कि वे अकेले बागेश्वर धाम न आएं। उन्होंने कहा कि अगर किसी कारण से अकेले आना पड़े, तो किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा न करें। धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी सुरक्षा को लेकर खुद भी सतर्क और सजग रहना होगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, धाम में ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था नहीं है, इसलिए श्रद्धालु यहां लंबे समय तक न ठहरें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर और दरबार की व्यवस्था एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी धाम की है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा उपलब्ध कराना संभव नहीं है। धाम का क्षेत्र करीब पांच किलोमीटर तक फैला हुआ है। ऐसे में पूरे इलाके की जिम्मेदारी धाम प्रबंधन की नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर उसके साथ कहीं न जाएं और मंदिर परिसर तथा प्रांगण से बाहर जाते समय विशेष सावधानी बरतें।
बागेश्वर धाम से संदेश साफ है, आस्था के साथ सतर्कता भी जरूरी है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और अकेले आने वाले भक्तों से सावधानी बरतने की अपील की है। अब इस अपील के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धाम क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।



