MP: भोपाल में सेवा के रंग, राष्ट्र के संग, सेवा संकल्प अभियान में शामिल हुए CM मोहन यादव

भोपाल के टी.टी. नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम ने सेवा, सद्भाव और राष्ट्र गौरव का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल रंगोली का अवलोकन किया, आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर सकारात्मकता का संदेश दिया और विद्यार्थियों के साथ भारत की मानव श्रृंखला में शामिल होकर संवाद भी किया।
जब रंगों में उतरता है राष्ट्र गौरव और सेवा बनती है समाज को जोड़ने का संकल्प, तो तस्वीर कुछ ऐसी ही नजर आती है। राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा-ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस कार्यक्रम में सहभागिता कर विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विकसित भारत की थीम पर बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इसमें भारत के चंद्रयान मिशन की वैज्ञानिक उपलब्धियों और अयोध्या के श्रीराम मंदिर को रंगों के माध्यम से दर्शाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर सेवा, सहयोग, सद्भाव और सकारात्मकता के भाव समाज को समर्पित करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मोत्सव से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरे महीने उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का भी हार्दिक अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के जरिए सेवा को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने, युवाओं में राष्ट्र के प्रति गौरव जगाने और सकारात्मकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।



