MP कांग्रेस में ‘नेक्स्ट-जेन‘ का आगाज?, 14 नवंबर को भोपाल में नकुल नाथ का शक्ति प्रदर्शन

मध्यप्रदेश कांग्रेस में अब अगली पीढ़ी की सियासी पारी की तैयारी दिखाई देने लगी है. एक तरफ दिग्विजय सिंह के साथ उनके बेटे जयवर्धन सिंह सक्रिय नजर आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ कमलनाथ की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए नकुल नाथ भी मैदान में उतरते दिख रहे हैं। 14 नवंबर को भोपाल में कमलनाथ के बंगले पर होने वाला जुटान इसी सियासी हलचल का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस में सियासत का अगला अध्याय अब नई पीढ़ी के इर्द-गिर्द घूमता नजर आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में उनके बेटे जयवर्धन सिंह की सक्रियता चर्चा में है। वहीं, अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ भी प्रदेश की राजनीति में अपनी मौजूदगी और सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में हैं। 14 नवंबर को भोपाल में होने वाला आयोजन इसी दिशा में एक अहम राजनीतिक गतिविधि माना जा रहा है।
दरअसल, बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, नेताओं और समर्थकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है। इसी आयोजन में कमलनाथ के जन्मदिन का उत्सव भी मनाया जाएगा, जो 18 नवंबर को है। पहली बार कमलनाथ की गैरमौजूदगी में उनके बंगले पर इतने बड़े स्तर पर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा होने जा रहा है। कार्यक्रम की कमान नकुल नाथ संभालेंगे।
यानी आयोजन भले ही दीपावली मिलन और जन्मदिन के उत्सव का हो, लेकिन सियासी नजरिए से इसे नकुल नाथ की संगठनात्मक पकड़ और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। कमलनाथ ने खुद संदेश जारी कर आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पहले से तय व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने की बात कही और जल्द ही प्रदेश के कांग्रेस परिवार से मिलने का भरोसा भी दिया है।



