एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: जनजातीय गौरव सप्ताह में CM मोहन यादव की घोषणाएं, कटनी से सिंगरौली तक बनेगी फोरलेन सड़क

शहडोल के ब्यौहारी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास की कई बड़ी सौगातों का ऐलान किया है। जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाने की घोषणा की। इतना ही नहीं, संजय गांधी टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ब्यौहारी की ओर से नया पर्यटन गेट विकसित करने का भी ऐलान किया गया है।

शहडोल जिले के ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह का राज्यस्तरीय कार्यक्रम विकास के बड़े ऐलानों का गवाह बना। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सबसे बड़ा ऐलान कटनी से विजयसोता और बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाने का रहा। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपये, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपये और दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें बनाई जाएंगी। इन तीनों सड़क परियोजनाओं पर कुल 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ब्यौहारी को शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में भी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ने यहां सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की, जिससे विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सुविधा मिल सकेगी। वहीं, संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से पर्यटन गेट विकसित करने का ऐलान भी किया गया। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के कुल 357 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत वाले 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। यानी जनजातीय गौरव सप्ताह के मंच से सड़क, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को नई दिशा देने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button