एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेषसरकारी-हलचल

MP: CM मोहन यादव का इंदौर में बड़ा सियासी दांव, चैतन्य कश्यप को बनाया इंदौर का प्रभारी मंत्री

इंदौर की सियासत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक ऐसा दांव चला है, जिसने बीजेपी के स्थानीय नेताओं के बीच नई हलचल पैदा कर दी है। चैंकाने वाला फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री ने चैतन्य कश्यप को इंदौर का प्रभारी मंत्री बना दिया है। सवाल है कि आखिर इंदौर के नेताओं के बीच से किसी चेहरे को चुनने के बजाय चैतन्य कश्यप पर भरोसा क्यों जताया गया? क्या यह सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी सियासी रणनीति भी है?….

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस फैसले ने इंदौर बीजेपी की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। चैतन्य कश्यप को इंदौर का प्रभारी मंत्री बनाना महज एक जिम्मेदारी का बदलाव नहीं, बल्कि इसे मुख्यमंत्री की रणनीतिक चाल के तौर पर भी देखा जा रहा है। चैतन्य कश्यप की इंदौर के स्थानीय नेताओं से बहुत ज्यादा नजदीकी नहीं मानी जाती। नेता उन्हें जानते जरूर हैं, लेकिन उनके साथ ऐसे करीबी राजनीतिक समीकरण नहीं हैं, जिनके जरिए स्थानीय नेता आसानी से अपने हितों के लिए विशेष मदद हासिल कर सकें।

यही वजह है कि, उनकी नियुक्ति को लेकर कई तरह के सियासी कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि चैतन्य कश्यप इंदौर के विकास कार्यों की निगरानी और उन्हें गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। लेकिन कहानी सिर्फ विकास कार्यों तक सीमित नहीं है। आने वाले चुनावों की तैयारियों और टिकट वितरण की रणनीति में भी चैतन्य कश्यप की भूमिका अहम हो सकती है। ऐसे में इंदौर बीजेपी के नेताओं के लिए अब नए प्रभारी मंत्री के साथ तालमेल बैठाना और उनके सामने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करना बड़ी चुनौती हो सकती है।

मुख्यमंत्री के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि इंदौर की राजनीति में अब एक नया समीकरण बन सकता है। हालांकि, चैतन्य कश्यप अपनी नई जिम्मेदारी में किस तरह काम करते हैं और स्थानीय नेताओं के बीच कितनी पकड़ बनाते हैं, यह आने वाला वक्त बताएगा। कुल मिलाकर, मोहन यादव के इस फैसले ने इंदौर बीजेपी की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button