MP: मध्यप्रदेश की सियासत में छिड़ी रामायण!, नेताओं में चले जुबानी तीर

मध्यप्रदेश की सियासत में इन दिनों रामायण का नया अध्याय लिखा जा रहा है। यहां न कोई वनवास है, न लंका दहन… लेकिन सियासी बयानबाजी में रावण के दस सिर जरूर आ गए हैं! नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की तुलना रावण से कर दी और उनके करीबी मंत्री को बताया दस सिर। अब बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते हुए सिंघार को जवाब दिया है .. आइए, समझते हैं मध्यप्रदेश की इस सियासी रामायण का पूरा घटनाक्रम..
मध्यप्रदेश के सियासी रामायण की शुरुआत हुई नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बयान से। सिंघार ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना रावण से कर दी। इतना ही नहीं, सिंधिया के करीबी मंत्री को रावण के दस सिर तक बता दिया। सिंघार ने साल 2020 में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिरने के घटनाक्रम को भी याद करते हुए सिंधिया पर सवाल उठाए।
अब जैसे ही उमंग सिंघार ने सियासी तीर चलाया, बीजेपी की ओर से जवाबी वार भी आ गया। उन्होंने कहा कि उमंग सिंघार एक भोले और भले आदमी हैं, लेकिन कमलनाथ सरकार के दौरान उन्होंने दिग्विजय सिंह को लेकर क्या कहा था, यह सभी जानते हैं। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनता के खिलाफ काम करने वाली और कमलनाथ-दिग्विजय सिंह की भ्रष्टाचार की जोड़ी वाली सरकार को सत्ता से हटाने का काम किया तथा जनता की भावना और विकास के लिए भाजपा के साथ आए।
तो मध्यप्रदेश की इस सियासी रामायण में रावण कौन है और किसके दस सिर हैं, यह तो नेताओं के अपने-अपने बयान हैं। लेकिन इतना तय है कि 2020 की सियासी लड़ाई के किरदार एक बार फिर आमने-सामने हैं। अब देखना होगा कि इस जुबानी युद्ध में अगला तीर किसकी ओर से चलता है और सियासत की इस रामायण में अगला अध्याय कौन लिखता है।



