एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेषसरकारी-हलचल

MP: 4 दिसंबर को टंट्या मामा का बलिदान दिवस, आदिवासी युवाओं को मिलेगी बड़ी सौगात

आदिवासी जननायक टंट्या मामा भील के बलिदान दिवस पर मध्यप्रदेश सरकार इंदौर में बड़ा आयोजन करने जा रही है। 4 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पातालपानी पहुंचकर टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। लेकिन इस बार आयोजन सिर्फ श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार आदिवासी युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के लिए इंदौर में सिविल सेवा तैयारी केंद्र विकसित करने जा रही है, जहां युवाओं को आईएएस और आईपीएस बनने की तैयारी के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मिलेगी।

टंट्या मामा भील के बलिदान दिवस को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को इंदौर की रेसीडेंसी कोठी में मंत्री विजय शाह की मौजूदगी में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें इंदौर के जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। बैठक में 4 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

4 दिसंबर को पातालपानी, भंवरकुआं और नेहरू स्टेडियम में मुख्य आयोजन होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पातालपानी स्थित टंट्या मामा मंदिर में पूजन करेंगे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस आयोजन में धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, देवास और रतलाम सहित कई जिलों से हजारों आदिवासियों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।

इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण आदिवासी युवाओं के लिए प्रस्तावित सिविल सेवा तैयारी केंद्र होगा। मंत्री विजय शाह के मुताबिक, इंदौर जिले में ऐसा केंद्र विकसित किया जाएगा, जहां आदिवासी युवाओं को आईएएस और आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। खास बात यह है कि युवाओं के लिए पढ़ाई के साथ रहने और खाने की व्यवस्था भी रहेगी। इस केंद्र का भूमि पूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 दिसंबर को करेंगे।

तैयारियों को लेकर हुई बैठक में सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया और मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं संभाग आयुक्त भास्कर लक्षाकार, कलेक्टर शिवम वर्मा और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button