MP: भोपाल में 20वीं बोनसाई प्रदर्शनी, गुलाब उद्यान में सजा बोनसाई संसार

भोपाल में प्रकृति, कला और धैर्य का अनूठा संगम देखने को मिला…राजधानी के लिंक रोड नंबर-1 स्थित गुलाब उद्यान में बोनसाई क्लब भोपाल की ओर से 20वीं बोनसाई प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे बोनसाई प्रेमियों ने अपने आकर्षक और दुर्लभ पौधों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में आए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि, ऐसे आयोजनों से मन को मिलने वाला सुकून अमूल्य है।
पेड़-पौधों की खूबसूरती तो सभी को आकर्षित करती है, लेकिन जब यही प्रकृति कला, कल्पना और वर्षों के धैर्य के साथ आकार लेती है, तो एक छोटा सा पौधा भी अपने आप में पूरी कहानी बन जाता है। भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 स्थित गुलाब उद्यान में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां बोनसाई क्लब भोपाल की ओर से 20वीं बोनसाई प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न शहरों से आए बोनसाई प्रेमियों ने अपने आकर्षक, दुर्लभ और कलात्मक बोनसाई पौधों को प्रदर्शित किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अलग-अलग बोनसाई पौधों को देखा और उनकी खूबसूरती के साथ-साथ उन्हें आकार देने की बारीक कला की भी सराहना की। देवड़ा ने कहा कि, बोनसाई क्लब भोपाल द्वारा आयोजित यह आयोजन अद्भुत है। यहां पौधों का शानदार कलेक्शन देखने को मिला है। प्रकृति से जुड़ी ऐसी प्रदर्शनी केवल पौधों की खूबसूरती देखने का अवसर नहीं देती, बल्कि मन को भी सुकून देती है।
भोपाल की इस प्रदर्शनी में पौधे छोटे जरूर थे, लेकिन उनमें छिपी कला और मेहनत की कहानी बेहद बड़ी थी। 20वीं बोनसाई प्रदर्शनी ने प्रकृति प्रेमियों को एक ऐसा मंच दिया, जहां कला, धैर्य और हरियाली एक साथ नजर आई।



