MP: बरगी डैम में दर्दनाक क्रूज हादसा, बचे शख्स ने बताया खौफनाक मंजर

मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। बरगी डैम में हुआ क्रूज हादसा कई परिवारों की खुशियां लील गया। जश्न का माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार में बदल गया. क्रूज हादसे में बचे शख्स ने जो आपबीती सुनाई, उसे सुनकर आपके भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
बरगी डैम में क्रूज की सैर पर निकले लोग शायद ही जानते थे कि ये सफर उनकी ज़िंदगी का सबसे भयावह अनुभव बन जाएगा। हादसे में बचे युवक ने बताया क्रूज में सवार लोगों को लाइफ जैकेट तक नहीं दी गई, शुरुआत में सब कुछ सामान्य था लेकिन वापसी के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली, तेज हवाएं और ऊंची लहरों ने क्रूज को बेकाबू कर दिया, लहरें इतनी खतरनाक हो गईं कि क्रूज बुरी तरह डोलने लगा और पानी धीरे-धीरे क्रूज के अंदर भरने लगा. घबराए लोग अपनी जान बचाने के लिए जूझने लगे डस्टबिन से पानी बाहर फेंकने की कोशिश करते रहे.
कुछ लोग तो भगवान से अपनी जिंदगी की भीख मांगते रहे, हादसे में बचे शख्स ने बताया कि इतने समय में दूसरी नाव मदद के लिए आ सकती थी लेकिन लोग वीडियो बनाने में लगे रहे और कोई मदद नहीं आया, सबसे चौंकाने वाली बात क्रूज का ड्राइवर खुद अपनी जान बचाने के लिए कूद गया.
मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद क्रूज को क्यों रवाना किया गया…? सुरक्षा इंतजाम इतने कमजोर क्यों थे…? ये सवाल अब सिस्टम पर खड़े हो रहे हैं…बरगी डैम का ये हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि लापरवाही की एक बड़ी तस्वीर भी दिखाता है।



