MP की हर विधानसभा में बनेगा खेल स्टेडियम, मोहन कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की हर विधानसभा में खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे। मोहन कैबिनेट ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन स्टेडियम में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। करीब 10 एकड़ जमीन पर 7 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम तैयार किए जाएंगे। पहले पांच साल के लिए 907 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। खास बात ये है कि हर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में हेलीपैड भी बनाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस सेवा का संचालन किया जा सके।
मध्यप्रदेश में अब खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर विधानसभा स्तर पर खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मोहन कैबिनेट ने प्रदेश की हर विधानसभा में स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार के मुताबिक यह देश में अपनी तरह की पहली बड़ी पहल है, जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन स्टेडियम में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। करीब 10 एकड़ जमीन पर बनने वाले प्रत्येक स्टेडियम की लागत लगभग 7 करोड़ रुपये रखी गई है।
सरकार की योजना के मुताबिक इन स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में करीब 12 अलग-अलग खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां ब्लॉक स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षक, कोच और ट्रेनर भी उपलब्ध रहेंगे। सरकार का फोकस सिर्फ स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल प्रतिभाओं को नियमित प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने पर भी है।
प्रदेश की करीब 140 विधानसभा क्षेत्रों में अभी पर्याप्त खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सरकार का दावा है कि मुख्यमंत्री स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स की योजना से ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। पहले पांच साल के लिए इस योजना में 907 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, प्रत्येक स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में हेलीपैड भी बनाया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में एयर एम्बुलेंस सेवा का संचालन किया जा सके।



