MP के कपास किसानों को बड़ी राहत, CM मोहन यादव ने मंडी शुल्क घटाया

मध्यप्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने कपास किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। किसान कल्याण वर्ष के तहत लिया गया ये फैसला सीधे किसानों की जेब पर असर डालेगा। अब कपास पर लगने वाला मंडी शुल्क घटाकर सिर्फ 0.50% कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कपास पर लगने वाले मंडी शुल्क में कटौती कर दी है। कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री चैतन्य काश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले ज्यादा मंडी शुल्क की वजह से किसानों और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था लेकिन अब सरकार ने इसे घटाकर सिर्फ 0.50% कर दिया है… जिससे किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।
सरकार का कहना है कि, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी इसी दर से शुल्क लिया जाता है ऐसे में यह फैसला प्रदेश के किसानों को प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाएगा। इतना ही नहीं सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी जहां किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदे और नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
वहीं इंदौर में चल रहे ब्रिक्स कृषि सम्मेलन 2026 से भी कृषि क्षेत्र में नए अवसरों की उम्मीद जताई जा रही है, सरकार को भरोसा है कि इन पहलों से किसानों की आय बढ़ेगी और खेती का मॉडल और मजबूत होगा, कुलमिलाकर सरकार का ये फैसला किसानों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।



