एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: जमीन विवाद में CM मोहन यादव के समर्थन में दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी के आरोपों की निकाली हवा

मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब सरकार को घेरने की रणनीति ही पार्टी के लिए मुश्किल बनती नजर आ रही है। उज्जैन में वीर भारत न्यास को सरकारी जमीन और भवन एक रुपये की लीज पर देने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन सरकार पर करीब 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे पर सरकार को नियमों के तहत फैसला लेने वाला बताते हुए क्लीनचिट दे दी। दिग्विजय के इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को बड़ा मुद्दा बना लिया है और जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला है।

मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस के भीतर का विरोध खुलकर सामने आ गया है। मामला उज्जैन में वीर भारत न्यास को सरकारी जमीन और भवन आवंटन का है।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया था कि मोहन सरकार ने करीब 500 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति महज एक रुपये की लीज पर देकर बड़ा घोटाला किया है। कांग्रेस ने इसे सत्ता संरक्षण में हुई अनियमितता बताते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की थी।

दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी के आरोप को गलत ठहराते हुए सरकार की नीति का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि, सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहरों के लिए एक रुपये की टोकन राशि पर जमीन देना हमेशा से एक तय और सही प्रक्रिया रही है। वीर भारत न्यास निजी नहीं बल्कि सरकारी ट्रस्ट है। दिग्विजय सिंह ने दस्तावेज सार्वजनिक करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ भी इस ट्रस्ट के अध्यक्ष रहे हैं। उस समय यह चर्चा चली कि इस संपत्ति को ओबेराय होटल को दे दिया जाए।

दिग्विजय सिंह के बयान के बाद कांग्रेस के आरोपों की धार कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है। यही मौका बीजेपी ने भी हाथोंहाथ लपक लिया। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि, दिग्विजय सिंह दस वर्षों तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं और सरकारी दस्तावेजों की पूरी समझ रखते हैं। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के कारण जीतू पटवारी बिना तथ्य जाने किसी पर कीचड़ उछाल रहे हैं।

गौरतलब है कि, वीर भारत न्यास के सचिव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सांस्कृतिक सलाहकार श्रीराम तिवारी हैं। इसी वजह से कांग्रेस लगातार इस आवंटन को लेकर सवाल उठा रही थी। ऐसे में दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव का समर्थन कर जीतू पटवारी के दावों का हवा निकाल दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button