MP: कालापीपल में गरजे CM मोहन यादव, सरदार सरोवर समझौते पर कांग्रेस को दिया करारा जवाब

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। सरदार सरोवर समझौते और अंतरराज्यीय जल विवादों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक राज्यों और किसानों को आपस में लड़ाने की राजनीति की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित जल विवादों का समाधान निकाला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नर्मदा परियोजना से लेकर पीकेसी परियोजना तक कई मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा।
शाजापुर के कालापीपल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदार सरोवर समझौते और जल बंटवारे के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश को एक मानने की बात करती है, लेकिन सत्ता में रहते हुए उसने अलग-अलग राज्यों और किसानों के बीच विवाद पैदा करने का काम किया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की राजनीति लड़ाओ और राज करो की रही है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि, अंग्रेज तो चले गए, लेकिन अपनी यह राजनीति कांग्रेस के पास छोड़ गए।
मुख्यमंत्री ने सरदार सरोवर परियोजना से जुड़े दशकों पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में गुजरात सहित संबंधित राज्यों के बीच लंबित मुद्दों का समाधान निकाला गया। उन्होंने कहा कि, यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते सरदार सरोवर बांध का निर्माण आगे नहीं बढ़ता, तो मध्य प्रदेश को भी पानी का लाभ नहीं मिल पाता। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच वित्तीय दायित्वों को लेकर चर्चा हुई। उनके अनुसार, जहां लगभग 1500 करोड़ रुपये की मांग सामने रखी गई, वहीं मध्य प्रदेश ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए 231 करोड़ रुपये देने की बात कही और सहमति के साथ समाधान का रास्ता निकाला गया।



