MP: नर्सिंग घोटाले पर सियासत का सिलसिला, मंत्री विश्वास सारंग पर कार्रवाई की मांग

मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं। दोपहर 12 बजे के करीब वे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का मोबाइल हैक होने की शिकायत लेकर साइबर सेल पहुंचे। इसके बाद दोपहर ढाई बजे के करीब नर्सिंग घोटाला मामले में मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने टीटी नगर थाने पहुंचे। दोनों ही जगह उन्होंने शिकायती आवेदन देकर जल्द एफआईआर करने की मांग की है।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष ने सारे साक्ष्य सरकार और मुख्यमंत्री को दिए। मंत्री जिसने नियम बदले, करप्शन सामने आया। हमने पुलिस से कहा है कि इसकी जांच होनी चाहिए। जांच के दायरे में मंत्री आना चाहिए। पुलिस ने 14 दिन का समय मांगा है। हम 18 तारीख को फिर प्रदर्शन करेंगे। महिलाओं द्वारा प्रदर्शन किए जाने पर जीतू पटवारी ने कहा चोर की दाढ़ी में तिनका। ऐसे समय में क्यों भेजा। अगर आप सच्चे हो तो डर कैसा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि, विश्वास सारंग कितने डरे हुए हैं। यह सभी लोग समझ सकते हैं। सदन में उन्होंने झूठ बोला। अपनी बात स्पष्ट रूप से क्यों नहीं कहते। मंत्री पद छोड़कर निष्पक्ष रूप से जांच के बाद अगर सही निकलते हैं तो फिर से मंत्री बन जाएं। महिलाओं द्वारा थाने में प्रदर्शन करने पर उमंग सिंघार ने कहा कि इन बहनों के बारे में मैं क्या बोलूं।
जिस वक्त दोनों नेता थाने के अंदर एफआईआर के लिए शिकायती आवेदन दे रहे थे, उसी समय कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। थाने में शिकायत देने के बाद दोनों नेता चले गए। लेकिन, कार्यकर्ता इसके बाद भी नारेबाजी करते रहे।