MP: नए साल में सरकार का नया प्रयोग, जनता दरबार लगाएंगे CM मोहन यादव

मध्य प्रदेश की जनता की सुनवाई के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जनता का दरबार लगाएंगे। पहले जनता दरबार 6 जनवरी को लगेगा इस दौरान सीएम मोहन यादव जनता की समस्याओं को सुनेंगे।
नए साल में मध्यप्रदेश की मोहन सरकार एक नया प्रयोग करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीएम हाउस में जनता दरबार का आयोजन करने वाले हैं। इसके जरिए मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। पहला जनता दरबार 6 जनवरी को लगाने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है।
सीएम की इस पहल को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सीएम योगी यूपी में जनता दरबार लगाते हैं। जिसे ‘जनता दर्शन’ नाम दिया गया है। योगी का दरबार काफी लोकप्रिय है। एमपी में इससे पहले दिग्विजय सिंह, उमा भारती और शिवराज भी जनता की शिकायतें सुनते रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मोहन सरकार के पहले जनता दरबार का आयोजन 6 जनवरी को आयोजित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री आवास पर सीएम डॉ.मोहन यादव सुबह 10 से 12 बजे तक लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्या सुनेंगे । जनता दरबार में ट्रांसफर पोस्टिंग के आवेदन नही लिए जाएंगे, बीमारी और स्वास्थ्य से जुडी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी।