PM Narendra Modi का ऐलान- मध्यप्रदेश को देश के प्रथम तीन शीर्ष राज्यों में लाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर के मेला ग्राउण्ड में जन सभा को संबोधित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश को 19 हजार करोड़ लागत के अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि, स्वच्छता में मध्यप्रदेश नंबर एक है। मध्यप्रदेश को विकास के क्षेत्र में भी टॉप पर लाने की गारंटी से अवगत कराते हुए यह बताना जरूरी है कि मध्यप्रदेश इस समय देश के 10 टॉप राज्यों में शामिल है। इसे प्रथम तीन शीर्ष राज्यों में लाएंगे। मोदी ने कहा कि, आधुनिक अधोसंरचना और अच्छी कानून व्यवस्था से प्रत्येक क्षेत्र में विकास आसान हो जाता है। किसान हों या कारोबारी या फिर साधारण नागरिक सभी फलते-फूलते हैं। एक समय था जब मध्यप्रदेश विशेषकर ग्वालियर-चंबल अंचल क्राइम और करप्शन का शिकार था। लेकिन अब यहां जीवन सुगम हो रहा है। समृद्धि का मार्ग आसान हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि, सामाजिक क्षेत्र में भी अन्याय और अत्याचार के स्थान पर विकास की ललक देखने को मिल रही है। सरकार ने सामाजिक न्याय के साथ लोगों की समस्याओं को हल करने और उनकी सुनवाई के माध्यम मजबूत बनाए हैं। आज के युवाओं ने दुरावस्था का वह समय नहीं देखा, प्रगतिशील मध्यप्रदेश ही देखा है। ग्वालियर अंचल में अनेक कार्यों के साथ ही प्रदेश के विभिन्न स्थानों को 19 हजार करोड़ की सौगातें मिली हैं।